चंपावत। मुख्यमंत्री ने जिले के 20 या उससे अधिक छात्र संख्या वाले 139 विद्यालयों में गैस संयोजन की मंजूरी दी है। जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि गैस संयोजन क्रय करने के लिए शासन से 752963 (सात लाख, बावन हजार नौ सौ तिरसठ) रुपये जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा के खाते में उपलब्ध करा दिए गए हैं। अब इन विद्यालयों में गैस संयोजन की कमी से मध्याह्न भोजन बनाने की दिक्कत नहीं होगी।
प्रत्येक विद्यालय के लिए जमानत राशि 3050 रुपये, ब्लू बुक के लिए 59 रुपये, दो भट्टियों के लिए 2000, रबड़ पाइप के लिए 190 रुपये और इंस्टालेशन चार्ज के लिए 118 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। डीएम ने सीईओ को सभी चयनित स्कूलों में एक सप्ताह के भीतर नवीन गैस संयोजन क्रय करने के निर्देश दिए हैं।