उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजारी का क्रम लगातार बना हुआ है। मेले के चौथे दिन भी सरकारी व्यवस्थाएं पटरी पर नहीं आ पाई है। शुक्रवार को मेला अधिकारी एएमए राजेश कुमार ने मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन पांडेय के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में खामियों को जल्द दूर किया जाएगा। शुक्रवार को अन्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालु कम आए, लेकिन मेला क्षेत्र में रौनक बरकरार है। इधर अव्यवस्थाओं की खबरों के बाद शुक्रवार को मेला अधिकारी ने ठूलीगाड़ से लेकर मुख्य मंदिर तक मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने बताया कि ज्यादातर व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं। व्यवस्थाओं में कमी को शीघ्र दूर कर यात्रियों को सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव आचार संहिता के चलते मेले की व्यवस्थाएं सुचारु करने में विलंब हुआ फिर भी काफी हद तक यात्रियों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। मेला क्षेत्र में पॉलिथीन और थर्माकोल के उपयोग पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है।