बनबसा (चंपावत)। क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव गढ़ीगोठ के गुदमी ग्रामसभा के तहत डेविड पेंटर हाईस्कूल के प्रांतीयकरण का रास्ता साफ होता लग रहा है। लंबे समय से ग्रामीण स्कूल के उच्चीकरण, प्रांतीयकरण की मांग कर रहे थे। जिला पंचायत सदस्य पुष्कर कापड़ी ने इसी वर्ष सात जनवरी को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था। इस पर कार्रवाई तेज हो गई है। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा एमएस बिष्ट ने 20 मई को जिला पंचायत सदस्य कापड़ी को पत्र भेजा। इसमें लिखा गया है कि डेविड पेंटर हाईस्कूल के प्रांतीयकरण संबंधी शासन के निर्देश पर संबंधित विभागों, मुख्यमंत्री कार्यालय अनुभाग के अलावा शासन को पत्र भेज दिए गए हैं। उधर अपर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बीएस रावत ने शासन को पत्र भेज दिया है। इसमें स्कूल के प्रांतीयकरण के लिए आवश्यक मानक पूरे होने की जानकारी दी गई है। स्कूल के प्रांतीयकरण का रास्ता साफ होता दिख ग्रामीणों में खुशी है। उन्होंने सार्थक प्रयासों के लिए जिला पंचायत सदस्य का आभार जताया है।