चंपावत। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा सहित कई मुद्दों पर ध्यान खींचने के के लिए कांग्रेस की ओर से आठ अप्रैल से शुरू चिट्ठी कार्यक्रम का रविवार को पीएम और सीएम को पांच-पांच पोस्टकार्ड भेजकर समापन हुआ। जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत और वरिष्ठ नेता निर्मला गहतोड़ी ने बताया कि कांग्रेस ने 23 दिन तक चलाए गए जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के तहत दो हजार पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को भेजे। पत्र में क्षेत्र की समस्याओं के साथ लोकतंत्र, संविधान की रक्षा, सांप्रदायिक सौहार्द सहित कई बिंदु उठाए गए हैं।
कार्यक्रम के तहत जिले के तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं ने पोस्टकार्ड अभियान चलाया। कहा कि पहली मई को श्रमिक दिवस के मौके पर डीएम के जरिए ज्ञापन भेजा जाएगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से एक साल पूर्व चंपावत क्षेत्र के विकास के लिए किए गए दावे हवाई साबित हो रहे हैं। समापन मौके पर कांग्रेस के जिला कोषाध्यक्ष सौरभ साह, नगर अध्यक्ष नीरज वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश बोहरा, मोहन अधिकारी, जगदीश जोशी, अभिषेक तड़ागी आदि थे।