चंपावत। निराश्रित गोवंश पशुओं के लिए सभी जिलों में गोशाला स्थापित किए जाने के संबंध में मुख्य सचिव एसएस संधू ने सभी जिला अधिकारियों और पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर नगरीय क्षेत्रों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में गोशाला स्थापना के लिए 10 से 15 दिन के भीतर भूमि चयन के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश के कारण दुर्घटनाएं, नुकसान आदि होते हैं। गोवंशी पशुओं को भी क्षति पहुंचती है। गोशाला संचालन के लिए भूमि और उसके संचालन में होने वाले व्यय की धनराशि सरकार की ओर से दी जाएगी। मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वह प्राथमिकता के तहत 15 दिन के भीतर अपने-अपने नगरी क्षेत्रों से लगी हुई ग्राम सभाओं में सरकारी भूमि को गोशाला निर्माण के लिए चिह्नित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीएस भंडारी ने बताया कि चंपावत जिले में वर्तमान में तीन गोशालाएं संचालित हैं जिसमें 889 गोवंशीय पशु हैं। इस दौरान जिला विकास अधिकारी एसके पंत आदि भी उपस्थित रहे।
फोटो 04 सीपीटी 14 पी।