बारिश के बीच पूर्णागिरि धाम में दर्शन कर लौटते श्रद्धालु। संवाद
चंपावत। पूर्णागिरि मेले में नवरात्र के दौरान रोडवेज प्रबंधन टनकपुर से ठुलीगाड़ तक बस सेवाओं को बढ़ाएगा। उत्तराखंड परिवहन निगम के टनकपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक पवन मेहरा ने कहा कि निगम ने सोमवार से पूर्णागिरि जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठुलीगाड़ तक दो (एक सुबह और एक शाम) बस सेवाएं शुरू की हैं। 22 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्र में बस सेवाओं को बढ़ाकर चार किया जाएगा। 12 किलोमीटर दूरी का निगम 25 रुपये किराया लेगा।
पत्रकार वार्ता में में जीएम मेहरा ने कहा कि मेले के लिए टनकपुर तक आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बसों की संख्या बढ़ाई गई है। बरेली के लिए आठ बसों को बढ़ाकर 24 किया गया है। मुरादाबाद में भी बसों को बढ़ाया गया है। टनकपुर के अलावा लोहाघाट और पिथौरागढ़ डिपो को भी पूर्णागिरि मेले के मद्देनजर बस सेवाओं का संचालन करने की हिदायत दी गई है। मेहरा ने बताया कि मेले के मद्देनजर कर्मियों के अवकाश निरस्त किए गए हैं।
भक्तों ने बारिश के बीच किए देवी मां के दर्शन
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। बारिश के दौरान पूर्णागिरि देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आना जारी है। पैदल रास्तों पर भक्त भीगते हुए आगे बढ़ते रहे। श्रद्धालुओं की आस्था मौसम पर भारी पड़ी। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि बारिश की वजह से श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई। कारोबारी गतिविधियों में भी मंदी आई। 22 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र की तैयारियां देवी धाम में तेज हो गई हैं।