जहर खुरानी का शिकार बना दीपक बिष्ट। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। रोडवेज की बस में सवार दिल्ली के पांच सितारा होटल ताज पैलेस के कुक को जहरखुरानी गिरोह ने शिकार बना लिया। गिरोह ने पिथौरागढ़ निवासी पीड़ित की जेब में रखे 22,000 रुपये और सामान लूट लिया।
बनबसा बस स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। स्टेशन के आसपास के दुकानदारों की सूचना पर आपात वाहन 108 से उसे उप जिला अस्पताल टनकपुर लाया गया। वहां उपचार के बाद होश आने पर पीड़ित ने अपना नाम तहसील देवलथल जिला पिथौरागढ़ निवासी दीपक बिष्ट (38) पुत्र केदारनाथ बिष्ट बताया। वह दिल्ली में ताज पैलेस होटल में कुक है। छुट्टी पर घर आने के लिए वह बृहस्पतिवार शाम दिल्ली से पिथौरागढ़ डिपो की बस में सवार हुआ। रास्ते में बस गजरौला के एक ढाबे में रुकी जहां एक अजनबी ने उसे चाय पिलाई और चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गया। बताया कि उसकी जेब में रखी 22,000 रुपये की नकदी और सामान गायब है। शक है कि उसे जहरखुरानों ने लूट लिया।