चंपावत के मां वाराही धाम देवीधुरा में फर्रे चढ़ाने पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
पाटी (चंपावत)। देवीधुरा बगवाल मेले में एकादशी को सांगी पूजन के बाद मां वाराही के विराट और कलुवा बेताल को प्रसन्न किया।
मंदिर के पीठाचार्य कीर्तिबल्लभ जोशी ने बताया कि त्रयोदशी के दिन गहड़वाल और चम्याल खाम ने पूजा प्रतिभाग किया था तो वहीं चतुर्दशी के दिन वालिक और लमगड़िया खाम ने मां वाराही के विराट पूजन में प्रतिभाग किया। उन्होंने ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा अर्चना के लिए पहुंची। पिछले वर्षों की अपेक्षा मंदिर में इस बार अधिक से अधिक फर्रे चढ़ाए जा रहे हैं। बनौली, सिमकन्या, सालम, रिखोली, लोहाघाट, पिथौरागढ आदि जगहों से फर्रे चढ़ाए गए हैं। पिछले चार दिनों में वाराही को छोटे और बड़े मिला कर पचास से अधिक फर्रे चढ़ाए गए हैं। रविवार पीठाचार्य भुवन चंद्र जोशी, वालिक खाम के बद्री दत्त, लमगड़िया के विरेंद्र सिंह, चम्याल खाम के गंगा सिंह, गहड़वाल खाम के त्रिलोक सिंह, महेश पुजारी आदि ने पूजा की।
रक्तदान शिविर में पुलिस कर्मियों ने किया रक्तदान
पाटी। बगवाल मेले के तीसरे दिन रोटरी क्लब हल्द्वानी ने मंदिर परिसर में शिविर लगाकर 20 यूनिट रक्त एकत्रित किया। शिविर में फार्मेसी अधिकारी पाटी, थानाध्यक्ष पाटी देवनाथ गोस्वामी, प्रकाश सिंह मेहरा समेत कई युवाओं ने भाग गया।