टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंपावत के पास भरे गए गड्ढे। संवाद
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। गड्ढों को भरने को लेकर बुधवार को हुए कांग्रेस के प्रदर्शन का असर हुआ है। एक दिन बाद बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग खंड हरकत में आया और चंपावत शहर के आसपास के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया। एनएच पर गैस एजेंसी के आसपास के गड्ढे भर दिए गए हैं। इन गड्ढों की वजह से हादसे का खतरा बढ़ गया था।
कांग्रेस ने बुधवार को पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे धरना देकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद एनएच खंड के ईई सुनील कुमार ने गड्ढों को पांच नवंबर तक भरने का आश्वासन दिया था। बृहस्पतिवार से इस काम में तेजी भी दिखाई दी।
कई आंतरिक मार्गों का है बुरा हाल
चंपावत। राष्ट्रीय राजमार्ग के गड्ढों को तो भरने के काम में तेजी आ गई है लेकिन कई राज्य मार्ग और ग्रामीण मार्गों की स्थिति अभी भी खराब है। चंपावत ब्लॉक, सूचना, सिंचाई, सीएमओ कार्यालय को जाने वाली सड़क के किनारे पिछले साल आपदा के वक्त दीवार गिर गई थी। इस कारण यहां सड़क के संकरा होने से आवाजाही जोखिम भरी है लेकिन इसे एक साल बाद भी ठीक नहीं कराया जा सका है।
लोनिवि के ईई विभोर गुप्ता का कहना है कि आपदा से हुई क्षति के लिए बजट की मांग की गई है। बजट मिलने पर मरम्मत शुरू की जाएगी। वहीं सिप्टी से अमकडिय़ा जाने वाली सड़क भी काफी खराब है। इस सड़क पर आए मलबे और चट्टान की वजह से रविवार से सड़क से आवाजाही में दिक्कत हो रही है।