लोहाघाट (चंपावत)। क्षेत्र पंचायत की बैठक में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा के मुद्दे छाए रहे। जन प्रतिनिधियों ने समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने पर नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि अधिकारियों को फोन एवं लिखित रूप से समस्याएं बताने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा है। सीडीओ आरएस रावत ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए समय सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए।
ब्लॉक प्रमुख नेहा ढेक की अध्यक्षता और बीडीओ कमल किशोर पांडेय के संचालन में हुई बैठक में मझेड़ा के प्रधान रमेश चंद्र पांडेय ने बिजली के तिरछे पोलों और झूलती लाइनों को सही करने, रायनगर चौड़ी के प्रधान जितेंद्र राय ने गांव के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने, डिग्री कॉलेज से गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की नाली से पेयजल पाइपों को हटाने, बिंडातिवारी के प्रधान मोनू बिष्ट ने अक्तूबर में आई आपदा से खतरनाक स्थिति में लटके पोलों को सही करने, ग्राम प्रधान संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की प्रतिनिधि सरिता अधिकारी ने टमटकांडे स्कूल में विद्युत लाइन बिछाने, टमटकांडे एवं जीआईसी किमतोली में पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग उठाई।
डुंगराबोरा के बीडीसी सदस्य दशरथ बोहरा ने विद्युत बिलों को उपभोक्ताओं को नहीं बांटकर दुकान में रखने की शिकायत की। कोलीढेक की प्रधान सबरजान ने गांव में पेयजल समस्या का समाधान करने, टुनकांडे के संजय पांडेय ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को ठीक नहीं करने पर नाराजगी जताई।
बैठक में जिपं अध्यक्ष ज्योति राय, ज्येष्ठ प्रमुख कमला देवी, जिपं उपाध्यक्ष एलएम कुंवर, एसडीएम रिंकू बिष्ट, डीडीओ संतोष पंत, एसीएमओ डॉ.इंद्रजीत पांडेय, एबीडीओ एमसी परगांई, जल संस्थान के ईई.विलास यूनुस, एसडीओ विद्युत विकास भारती, आरडब्ल्यूडी के ईई केके जोशी, लोनिवि के बीबी पांडेय, वन विभाग की एसडीओ नेहा चौधरी, समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत, रेंजर दीप जोशी समेत जिले भर के 39 विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।