बनबसा एनएचएआई किनारे एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन करते नागरिक।
- फोटो : अमर उजाला
एनएचएआई द्वारा सड़क के डिवाइडर पर कट न दिए जाने पर भड़के लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार और स्टेडियम मार्ग के पास डिवाइडर पर सड़क पार करने की जगह न दी गई तो एनएचएआई और प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। एनएचएआई द्वारा किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में सड़क के बीच में बनाए जा रहे डिवाइडर पर कट न देने से लोगों में रोष है। उन्होंने सड़क किनारे एकत्र होकर एनएचएआई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शंकर लाल वर्मा ने कहा कि सड़क लोगों की सुविधा के लिए बनाई जा रही है, लेकिन एनएचएआई ने बीओबी के पास मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग और स्टेडियम मार्ग जहां से डिग्री कॉलेज, कन्या इंटर कॉलेज, अस्पताल, बीएड कॉलेज, नगर पंचायत के अलावा देशीफार्म, चंदफार्म, चूनाभट्टा, गढ़ीगोठ, मझगांव का संपर्क मार्ग है, वहां पर सड़क पार करने को जगह नहीं दी है। अध्यक्ष संजय अग्रवाल का कहना है कि बनबसा के लिए एनएचएआई कौन सा मानक अपना रही है, जबकि चकरपुर में सड़क पर चार जगह कट दिए गए हैं। इस दौरान चंद्रशेखर भट्ट, छुट्टन गुप्ता, प्रेम सिंह रावत, देवी दयाल, शिवनारायण साहू आदि मौजूद थे।