लोहाघाट (चंपावत)। एनएच पर स्वाला के पास भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से दिल्ली, गुरुग्राम, देहरादून की यात्रा मुश्किल हो गई है। लोगों को वाहन बदलकर जाना पड़ रहा है। सीधी बस सेवा नहीं मिलने से यात्री परेशान हैं। रोडवेज डिपो वाया देवीधुरा हल्द्वानी बसों का संचालन कर रहा है, लेकिन यात्री नहीं मिल रहे हैं। लंबी दूरी होने के कारण लोग छोटे वाहनों में सफर करना पसंद कर रहे हैं।
रोडवेज के लोहाघाट डिपो की ओर से वाया टनकपुर होते हुए दिल्ली, गुरुग्राम, बरेली, देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल, पोंटासाहिब, काशीपुर, हल्द्वानी के लिए बस का संचालन करता था। भारी बारिश से एनएच बंद होने से लोहाघाट से वाया टनकपुर बस का संचालन नहीं हो पा रहा है। बसों का संचालन नहीं होने से यात्री बेहद परेशान हैं। उनके लिए सफर आसान नहीं हो रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए रोडवेज डिपो ही एकमात्र यात्रा का सहारा है, वह यात्रा नहीं कर पा रहे हैं। टनकपुर जाने के लिए अधिकांश यात्रियों को टैक्सी वाहन से जाना पड़ रहा है। पिछले तीन दिन से सुरक्षा की दृष्टि से एनएच पर 12 बजे बाद टनकपुर के लिए हल्के वाहन जा रहे हैं, लेकिन लंबी दूरी के लिए उन्हें अधिक किराया देकर जाना पड़ रहा है। समय से पहुंचना भी लोगों के लिए एक चुनौती बना हुआ है।
सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं दिव्यांग और बुजुर्ग
चंपावत। टनकपुर मार्ग पर स्वाला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को बड़े वाहनों के लिए बंद किए जाने और बस का संचालन नहीं होने से पात्र लोगों को सरकार की निशुल्क यात्रा की योजना से वंचित होना पड़ रहा है। सरकार ने दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए बस में निशुल्क यात्रा की योजना चलाई है। टनकपुर मार्ग से होते हुए मैदानी क्षेत्रों के लिए बस का संचालन न होने से पात्र लोग टैक्सियों में पूरा किराया देकर सफर करने को मजबूर हैं।
12 सितंबर से हुई बारिश के बाद एनएच बंद होने से वाया टनकपुर होते हुए बस का संचालन नहीं हो पा रहा है। बस का संचालन न होने से अभी तक करीब 25 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। वाया देवीधुरा होते हुए हल्द्वानी के लिए दो बस का संचालन किया जा रहा है, उसमें भी सवारियां नहीं मिल पा रही हैं। - धीरज वर्मा, सहायक प्रबंधक रोडवेज