मंच /चंपावत। नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश के तामली स्वास्थ्य उप केंद्र में चिकित्साधिकारी समेत तीन स्वास्थ्य कर्मी नदारद मिले। कर्मियों के गैरहाजिर होने को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
शनिवार को चंपावत के एसडीएम सौरभ असवाल ने तल्लादेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान एसडीएम ने पहले कारी क्षेत्र में आई आपदा का स्थलीय निरीक्षण किया। कारी गांव में बीते दिनों भारी वर्षा से हुए भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ था। इसके अलावा उन्होंने सीमिया उरी गांव का भी दौरा किया। इसके बाद तामली स्वास्थ्य उप केंद्र का निरीक्षण किया तो दो कर्मी संतोष कुमार, प्रीति देवी उपस्थित मिले। जबकि डॉ. अनुपम कल्याणी, रेनू, कमला जोशी अनुपस्थित मिले।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि चिकित्सक सीएमओ कार्यालय काम से आए थे। नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात चिकित्सकों की उपस्थिति को लेकर वीडियो कॉल की जाती है। अन्य दो कर्मी क्यों तैनात नहीं थे, इसका स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इधर, एसडीएम सौरभ असवाल ने मंच के नायब तहसीलदार को आपदा प्रभावितों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व उप निरीक्षक हरीश गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।