लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट विकासखंड के झिरकुनी गांव में बुधवार को उल्टी और दस्त की शिकायत से कुछ ग्रामीण बीमार हो गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने दूषित पानी के कारण लोगों के बीमार होने की आशंका जताई थी। डीएम मनीष कुमार ने मामले का संज्ञान लेकर जल संस्थान और पेयजल निगम की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा। टीम ने पीने के पानी के सैंपल एकत्र किए जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। डीएम ने कहा कि बीमार व्यक्तियों को त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनके स्वास्थ्य पर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने सीएमओ को क्षेत्र में चिकित्सा टीमें तैनात करने और आवश्यक दवाइयां और उपचार सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।