चंपावत में मुख्यमंत्री से वीडियो कांफ्रेसिंग करते जिला स्तरीय अधिकारी।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की प्रथम समीक्षा बैठक ली जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के डीएम और एसपी वर्चुअल जुड़े रहे।
सीएम धामी ने सभी जिलों में नियमित रूप से बहुद्देशीय शिविर, तहसील दिवस और ग्राम चौपाल लगाने के साथ गांवों में रात्रि विश्राम करते हुए जन समस्याएं सुनने को कहा। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण के लिए जन प्रतिनिधियों एवं आम जनता के फोन रिसीव न करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि यदि किसी कारणवश अधिकारी फोन रिसीव न कर पा रहे हैं, तो बाद में अवश्य कॉल बैक करें। कहा कि वर्षाकाल के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखें। सड़कों की स्थित हर जगह सही हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सीएम ने कहा कि डेंगू एवं मलेरिया जैसी अन्य बीमारियों से बचने के लिए अभी से पूरी तैयारियां की जाएं।
बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, दीपक कुमार गैरोला, वर्चुअल माध्यम से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी, डीएफओ आरसी कांडपाल, सीडीओ आर स रावत, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक विपिन चंद्र पंत आदि अधिकारी रहे।