बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी के तकनीकी निदेशक वाईके चौबे और वित्त एवं कार्मिक निदेशक आरपी गोयल ने बनबसा स्थित टनकपुर पावर स्टेशन का दो दिनी दौरा किया। उन्होंने पावर स्टेशन की गतिविधियों और बिजली उत्पादन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विचार मंथन कर निर्देश दिए।
चौबे और गोयल ने 16 से 17 अप्रैल तक बनबसा स्थित टनकपुर पावर स्टेशन का निरीक्षण किया। उनके यहां पहुंचने पर पावर स्टेशन के मुखिया महाप्रबंधक राजिल व्यास की टीम ने उनका स्वागत किया। एनएचपीसी के उच्चाधिकारियों ने पावर हाउस, बैराज क्षेत्र, इंडो-नेपाल केनाल का मुआयना किया। उन्होंने पावर स्टेशन के सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर पावर स्टेशन की गतिविधियों जानकारी ली। महाप्रबंधक व्यास ने उन्हें पावर स्टेशन के बारे में सेमीनार के माध्यम से उपलब्धियों की जानकारी दी। एनएचपीसी के उच्चाधिकारियों ने पावर स्टेशन की गतिविधियों की सराहना कर पिछले वित्त वर्ष (एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 तक) में समय से पूर्व जनरेशन पूरा होने पर अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी।
एनएचपीसी के उच्चाधिकारियों ने एनएचपीसी इंप्लाइज यूनियन और शारदा वैली कर्मचारी संघ पदाधिकारियों से भेंट कर औपचारिक मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को हर संभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। संवाद