चंपावत। जिला अस्पताल से नदारद दोनों गायनाकोलॉजिस्टों से रिकवरी की कार्रवाई शुरू हो गई है। दोनों को 24 घंटे में अस्पताल में उपस्थित होने का नोटिस भेजा गया था, लेकिन किसी ने भी इसका उत्तर नहीं दिया।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में तैनात गायनाकोलॉजिस्ट ने स्वास्थ्य विभाग के 17 जुलाई को भेजे गए नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। अब उनसे बांड की सर्विस के हिसाब से रिकवरी की जाएगी। इसका प्रस्ताव बनाकर डीजी हेल्थ देहरादून को भेजा दिया है। शासन स्तर से संस्तुति मिलने के बाद तुरंत ही रिकवरी की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अस्पताल में तैनात एक गायनोकॉलोजिस्ट डॉ. प्रियंका कांडपाल दो सप्ताह के मेडिकल अवकाश पर हैं जबकि दूसरी डॉ. मंदाकिनी तबीयत खराब होने की बात कहकर तीन जुलाई से अस्पताल नहीं आईं हैं। यह गायनोकॉलोजिस्ट पूर्व में मातृत्व अवकाश पर भी थी। इसके बाद गायनोकॉलोजिस्ट बिना किसी लिखित पत्र के अवकाश पर चली गईं। बताया जा रहा है कि अगर दोनों गायनाकोलॉजिस्ट अस्पताल में हाजिर हो जाती हैं तो उन्हें कुछ राहत मिल सकती है।
उनके नदारद होने पर अस्पताल प्रबंधन ने एलएमओ को सामान्य प्रसव की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन सोमवार 15 जुलाई को सामान्य प्रसव के बाद प्रसूता की मौत ने इस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। इधर अल्मोड़ा से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका को चंपावत अस्पताल में संबद्ध किया गया है। उनके सोमवार को आने की उम्मीद है।