शारदा में डूबने से बचाया गया श्रद्वालु युवक और बचाने वाले जल पुलिस के तैराकों की टीम। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। शारदा घाट पर स्नान के दौरान सोमवार को एक श्रद्धालु को जल पुलिस के तैराकों ने डूबने से बचा लिया। नोएडा के सेक्टर 62 निवासी राजा (19) पुत्र शैलेश शर्मा दोस्तों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आया था। दर्शन कर लौटने के बाद वह नगर के शारदा घाट में स्नान कर रहा था कि नदी के तेज प्रवाह की चपेट में आकर डूबने लगा। उसके दोस्तों और घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो वहां तैनात जल पुलिस के तैराक रवींद्र कुमार उर्फ पहलवान, हेड कांस्टेबल दिनेश कोहली, दीप चंद्र, रवि कुमार और प्रदीप राम उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। थोड़ी मशक्कत के बाद राजा को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बता दें कि घाट पर तैनात जल पुलिस के जवान मेला अवधि में अब तक दर्जनों लोगों को नदी में डूबने से बचा चुके हैं। संवाद