पाटी (चंपावत)। पीएचसी पाटी में 25 दिन से एक्सरे बंद हैं। एक्सरे नहीं होने से लोगों को चंपावत, लोहाघाट, खटीमा की दौड़ लगानी पड़ रही है।
लोगों को एक्सरे के लिए 29 किमी दूर लोहाघाट और 45 किमी दूर चंपावत जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा हैं। इसमें हजार से 1200 रुपये का खर्च आ रहा है। पाटी अस्पताल में दिसंबर 2023 में खनन न्यास निधि से एक्सरे तकनीशियन की तैनाती की गई। 31 मार्च 2025 को खनन न्यास निधि में बजट नहीं होने के कारण अस्पताल में तैनात तकनीशियन की सेवा समाप्त कर दी गई थी। 10 अप्रैल से चंपावत से एक एक्सरे तकनीशियन पाटी अस्पताल भेजा था लेकिन 25 दिन बाद फिर पाटी अस्पताल में तकनीशियन नहीं होने से 84 ग्राम पंचायत समेत चंपावत जिले की सीमा से लगे अल्मोड़ा और नैनीताल गांव के लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन गांवों के लोग पाटी अस्पताल उपचार कराने आते हैं। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि जिले में एक्सरे तकनीशियन नहीं है। खनन न्यास निधि से तकनीशियन की तैनाती की गई थी। अस्पताल में फिर से एक्सरे कराने के प्रयास किए जाएंगे।