पाटी। पाटी अस्पताल में पांच दिन बीत जाने के बाद भी पानी की 500 लीटर सप्लाई नहीं हो पाई है। इससे पीएचसी पाटी में प्रसव सेवाएं बंद हो गई हैं। गर्भवतियों को अब 30-40 किलोमीटर दूर लोहाघाट और चंपावत जाकर प्रसव कराने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
पाटी के प्रभारी चिकित्साधिकारी आशीष गर्ग ने बताया कि अस्पताल में पानी की कमी से प्रसव सेवाएं संभव नहीं है। अस्पताल की निजी लाइन बीते दिनों बारिश से क्षतिग्रस्त हो गई है। लिफ्ट पेयजल टैंक से अस्पताल के टैंक तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसकी जानकारी पेयजल विभाग के अलावा सीएमओ को भी दे दी गई है लेकिन पेयजल विभाग लाइन ठीक नहीं कर सका है। वहीं जल निगम के कनिष्ठ अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि लाइन की खामी को ठीक कर जल्द पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। संवाद
चिकित्सा स्टाफ के व्यवहार से ग्रामीण खफा
मूनाकोट (पिथौरागढ़)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ालू में तैनात चिकित्सा स्टाफ के व्यवहार से ग्रामीण नाराज हैं। उन्होंने स्टाफ के व्यवहार में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए प्रधान दिवाकर जोशी ने शुक्रवार को ग्रामीणों और चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों के बीच बैठक कराई। ग्रामीणों ने स्टाफ को भविष्य में अमर्यादित व्यवहार नहीं करने को कहा। मूनाकोट स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी डॉ. सचिन प्रकाश ने ग्रामीणों को एक अगस्त से सभी व्यवस्थाएं सही होने का भरोसा दिलाया। बैठक में चिकित्सालय भवन को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। वहां डॉ. स्निग्ध चंद, डॉ. कोमल चंद, दीप प्रकाश पंत, मनदीप कुमार, गगन कुमार, सुरेश जोशी, राजेश भट्ट आदि मौजूद रहे। संवाद