टनकपुर में नववर्ष से पूर्व पूर्णागिरि में व्यवस्थाएं दुरूस्थ करने को अधिकारियों की बैठक लेते एस
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। नववर्ष पर पूर्णागिरि धाम में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने को लेकर शुक्रवार को तहसील में बैठक हुई जिसमें एसडीएम ने मेले से संबंधित विभागों के अधिकारियों को नववर्ष से पहले सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। तय किया गया कि इस बार भंडारा कराने वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एसडीएम सुंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में ठूलीगाढ़ से भैरव मंदिर तक 35 टैक्सी जीपों का संचालन करने और सफाई, बिजली, पेयजल, पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर विभागों को दिशा निर्देश दिए गए। एसडीएम ने मेला क्षेत्र में एंबुलेंस मुहैया करने, मेडिकल कैंप लगाने, टैक्सियों में रेट लिस्ट चस्पा करने, सीसीटीवी लगाने, समय से पहले विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने, बाटनागाढ़ में ट्रांसफार्मर लगाने, मंदिर क्षेत्र में सफाई के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुरक्षा के तहत समय से पहले पुलिस फोर्स तैनात करने को भी कहा। बैठक में जिला पंचायत के एएमए भगवत पाटनी, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, सीओ विवेक सिंह कुटियाल, ऊर्जा निगम के एई मयंक भट्ट, जलसंस्थान के एई बीएस कुआर्बी, लोनिवि के जेई तनुजा देव, अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी, बनबसा नगर पंचायत की ईओ प्रियंका रैक्वाल, मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडे, टैक्सी यूनियन के महासचिव नारायण गैड़ा आदि थे।