चंपावत। राजकीय महाविद्यालय चंपावत में शनिवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में दो सीटों के लिए मतदान हुआ। अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी मनीष महर ने अंकित खर्कवाल को 443 वोटों से हराया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अंकित भट्ट ने कुशाग्र वर्मा को 51 मतों से हराया। दोनों विजेता निर्दलीय हैं। एबीवीपी के साथ ही भाजपा का पूरा संगठन भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रत्याशी को नहीं जिता सका। राजकीय महाविद्यालय में इस बार छात्रसंघ चुनावों में सभी पदों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते।
चुनाव अधिकारी डॉ. बीपी ओली ने बताया कि शनिवार सुबह नौ बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। इसके लिए पंजीकृत कुल 1,212 मतदाताओं में से 934 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। दिव्या बिष्ट उपाध्यक्ष, भावना फर्त्याल छात्रा उपाध्यक्षा, विजय कुमार सचिव, दीपक प्रसाद संयुक्त सचिव, ओमप्रकाश निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुने गए। अध्यक्ष मनीष ने मोटर स्टेशन पर विजय जुलूस निकाला जिसमें यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद बड़ेला, कांग्रेस के जिला महामंत्री निर्मल तड़ागी, श्याम कार्की, पवन पांडे भी शामिल रहे।
कुल मतदान 934
पद अध्यक्ष
मनीष महर 671
अंकित खर्कवाल 228
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि
अंकित भट्ट 443
कुशाग्र वर्मा 392
चंपावत कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारी
अध्यक्ष मनीष महर।
उपाध्यक्ष दिव्या भट्ट।
उपाध्यक्ष छात्रा भावना फर्त्याल।
सचिव विजय कुमार।
संयुक्त सचिव दीपक प्रसाद।
कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अंकित भट्ट।
जितने वोट से अध्यक्ष जीते, उतने वोट मिले विश्वविद्यालय प्रतिनिधि को
चंपावत। राजकीय महाविद्यालय में हुए छात्रसंघ चुनाव में शुभ अंक देखने के लिए मिला। अध्यक्ष मनीष महर 443 वोटों से जीते इतने ही 443 वोट विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अंकित को मिले।
लोहाघाट में 2,755 छात्र-छात्राओं में से 916 ने मतदान किया
लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्वक हुए। इसमें एबीवीपी प्रत्याशियों का दबदबा रहा। सचिव पद पर पंकज जोशी ने अपने प्रतिद्वंद्वी अजय सिंह बिष्ट को 102 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर सागर सिंह ढेक ने अर्जुन सिंह बोहरा को 70 मतों से पराजित किया। छात्र संघ के 11 पदों में से दो पदों पर मतदान हुआ जबकि छह पदों पर एक-एक नामांकन हुआ और तीन पदों पर किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया था। छात्रसंघ चुनाव के लिए इस वर्ष छात्र-छात्राओं में उत्साह कम रहा। कुल पंजीकृत 2,755 छात्र-छात्राओं में से मात्र 916 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
डॉ. लखेड़ा ने बताया कि सचिव और अध्यक्ष पद पर 28 मत नोटा को गए जबकि 83 मत अवैध घोषित हुए। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता गुप्ता के निर्देशन और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रकाश लखेड़ा की देखरेख में सुबह नौ बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान हुआ। शुरुआती दौर में मतदान प्रतिशत काफी कम रहा लेकिन बाद में मतदान ने रफ्तार पकड़ी।
चुनाव परिणाम
सचिव विजेता पंकज जोशी 478 मत
प्रतिद्वंद्वी अजय सिंह बिष्ट 376
नोटा 21 अवैध मत 41
कोषाध्यक्ष विजेता सागर सिंह ढेक 419 मत
प्रतिद्वंद्वी अर्जुन सिंह बोहरा 349 अंकित सिंह माहरा 99
नोटा 07 अवैध 42
इन पदों पर हुआ निर्विरोध निर्वाचन
लोहाघाट (चंपावत)। छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के मयंक ढेक अध्यक्ष, ललित मोहन कलखुड़िया उपाध्यक्ष, पल्लवी देव छात्रा उपाध्यक्ष, गौरव पांडेय संयुक्त सचिव, विवेक जोशी निर्विरोध विश्वविद्यालय प्रतिनिधि चुने गए जबकि कल संकाय प्रतिनिधि, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर किसी भी छात्र-छात्रा ने नामांकन नहीं कराया।
एनएसयूआई ने नहीं उतारे प्रत्याशी
चंपावत। छात्रसंघ चुनाव में इस बार एनएसयूआई ने किसी भी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में नहीं उतारा था जबकि एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा था जिनमें से अधिकतर प्रत्याशी निर्विरोध जीते। सोशल मीडिया में भी एबीवीपी छाई रही। एबीवीपी के प्रत्याशियों के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पोस्टें प्रसारित की थीं।
पुलिस सुरक्षा का रहा तगड़ा बंदोबस्त
लोहाघाट (चंपावत)। छात्रसंघ चुनावों को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त किया गया था। थाना प्रभारी मनीष खत्री के नेतृत्व में सुबह से ही पुलिस कर्मी मुस्तैदी के साथ डटे रहे। महाविद्यालय परिसर में वाहनों की नो एंट्री की गई थी। छात्र-छात्राओं और महाविद्यालय के शिक्षकों के वाहनों को पीजी कॉलेज खेल मैदान में पार्क कराया गया था।
छात्रसंघ पदाधिकारियों ने नहीं ली शपथ
लोहाघाट (चंपावत)। पीजी कॉलेज लोहाघाट में छात्रसंघ चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद शपथ ग्रहण समारोह में जा रहे एबीवीपी के विभाग संयोजक विवेक पुजारी को रोकने पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
इस मामले में पुलिस और जिला संयोजक के बीच विवाद हो गया। विवाद की सूचना मिलने बाद विजयी प्रत्याशी शपथ ग्रहण समारोह छोड़कर बाहर आ गए। छात्र नेताओं ने पुलिस पर उनके साथ अभद्रता का आरोप लगाते शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार कर दिया। उन्हें मनाने की कोशिश के बावजूद एबीवीपी कार्यकर्ता विजयी प्रत्याशियों के साथ शपथ लिए बिना ही चले गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रकाश लखेड़ा ने बताया कि शनिवार को शपथ ग्रहण नहीं हो सका। जल्द ही नवनिर्वाचित छात्रसंघ का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
कॉलेज प्रशासन की ओर से केवल विजयी प्रत्याशियों को ही शपथ ग्रहण समारोह में प्रवेश देने बात कही गई थी। प्रत्याशियों के अलावा किसी भी छात्र को गेट के अंदर प्रवेश न करने देने के लिए पुलिस को बताया था जिसका पूर्ण रूप से पालन किया गया था। अभद्रता का आरोप बेबुनियाद है। महाविद्यालय प्रशासन के बनाए गए नियमों का पुलिस ने पालन कराया है। - हरीश प्रसाद, प्रभारी थानाध्यक्ष, लोहाघाट।
देवीधुरा महाविद्यालय हुआ 79.37 मतदान
देवीधुरा (चंपावत)। आदर्श राजकीय महाविद्यालय देवीधुरा में शनिवार को 79.37 फीसदी मतदान हुआ। छात्रसंघ अध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के दोनों पदों पर एबीवीपी जीती। सचिव पद सहित अन्य पदों पर पदाधिकारियों का चयन निर्विरोध हुआ। एबीवीपी के अध्यक्ष प्रत्याशी देवेंद्र भट्ट को 189, निर्दलीय प्रत्याशी दीपक चंद्र को 132 मत मिले। देवेंद्र ने दीपक को 57 मतों से हराया। एबीवीपी के ही विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अर्जुन सिंह को 193 और निर्दलीय देवकी मेहरा को 123 मत मिले। अर्जुन ने निर्दलीय प्रत्याशी देवकी को 70 मतों से हराया। चुनाव प्रभारी डॉ. रजनी मेहरा ने बताया कि कुल 417 मतों में से 331 लोगों ने मतदान किया। इनमें अध्यक्ष में 10 वोट अवैध और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि में 15 वोट अवैध रहे। सचिव पद के लिए सौरभ जोशी, उपाध्यक्ष कमल सिग्वाल, छात्रा उपाध्यक्ष सुनीता, कोषाध्यक्ष दीपा, संयुक्त सचिव पवन सिग्वाल निर्विरोध जीते। प्राचार्या डॉ. गीता श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। मतदान प्रक्रिया में पाटी के थानाध्यक्ष देवनाथ गोस्वामी, उपनिरीक्षक नवल किशोर, प्रमोद भट्ट, सुरेश चंद्र, बसंत पांडेय, बची सिंह आदि ने सहयोग किया।
पाटी में कोषाध्यक्ष समेत तीन पद खाली
पाटी (चंपावत)। तीन साल पहले खुले पाटी महाविद्यालय में पहली बार छात्रसंघ चुनाव हुआ। चुनाव में सर्वसम्मति से सौरभ मेहता अध्यक्ष, विमल जोशी उपाध्यक्ष, पवन मेहता सचिव, धीरज जोशी संयुक्त सचिव, अनीता निर्विरोध विश्वविद्यालय प्रतिनिधि चुनी गईं। निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि कोषाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, संकाय प्रतिनिधि पद के लिए कोई नामांकन न होने से तीनों पदों को खाली घोषित किया गया। इस दौरान प्राचार्य आरके पांडेय ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
अमोड़ी में सूरज बने छात्रसंघ अध्यक्ष
चंपावत। राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव निर्विरोध हुआ जिसमें सर्वसम्मति से सूरज सिंह अध्यक्ष, दीप भट्ट उपाध्यक्ष, रीता भट्ट छात्रा उपाध्यक्ष, तनीषा सचिव, आशा नेगी कोषाध्यक्ष, ओमप्रकाश जोशी संयुक्त सचिव, हंसा भट्ट संकाय प्रतिनिधि, किरन भट्ट विश्वविद्यालय प्रतिनिधि चुनी गईं। निर्वाचन अधिकारी पुष्पा ने बताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अजिता दीक्षित, डॉ. संजय गंगवार, अतुल कुमार, रेखा मेहता, केशव दत्त जोशी, प्रधान सहायक हरीश जोशी, दशरथ सिंह बोहरा आदि ने सहयोग किया।