चंपावत के गांव से गया नेपाली मजदूर कोरोना पॉजिटिव, हड़कंप स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार देर शाम गांव भेजी टीम
अमर उजाला ब्यूरो
चंपावत। चंपावत जिले के एक गांव में सड़क निर्माण में काम कर चुका एक नेपाली मजदूर नेपाल में कोरोना जांच में पॉजिटिव पाया गया है। यह मजदूर १५ मार्च को नेपाल को लौटा था। शनिवार शाम प्रशासन को इसकी भनक लगने के बाद हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने एहतियातन ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सा दल को उस गांव भेज दिया। गांव के लोग बताते हैं कि जिस गांव में नेपाली काम करता था, वहां दूसरे राज्यों में काम करने वाले ४० से अधिक लोग वापस अपने गांव लौटे हैं। ज्यादातर लोगों के १५ मार्च के बाद लौटने से गांव के लोगों में राहत है। इससे इस बात की ज्यादा संभावना मानी जा रही है कि नेपाली मजदूर नेपाल में ही किसी के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हुआ होगा। बावजूद इसके डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय का कहना है कि गांव के सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही हर तरह की सावधानी बरती जाएगी।