चंपावत। जिला मुख्यालय के दूरस्थ क्षेत्रों में विकासखंड के माध्यम से महिला समूहों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए नैनो पैकिंग सेवा शुरू की जा रही है। इसके तहत चंपावत में इस सेवा का शुभारंभ हो गया है। ब्लॉक के अमोड़ी में नैनो पैकिंग सेवा शुरू हो गई है। इसके लिए अमोड़ी में मशीनें लगाने के साथ ही कार्य शुरू हो गया है। बीडीओ कमल किशोर पांडेय ने बताया कि नैनो पैकिंग सेंटर खुलने से स्थानीय महिला समूहों को एक नया बाजार मिलेगा। महिला समूहों को नैनो सेंटर में मसालों सहित अनेक प्रकार के उत्पादों को स्थानीय स्तर पर पैकिंग करके बेचने का मौका मिलेगा। बताया कि चंपावत जिले में अनेक महिला समूह कार्य कर रहे हैं, जिन्हें नैनो सेंटर के माध्यम से रोजगार का अवसर भी मिलेगा।