चंपावत। एतिहासिक बालेश्वर मंदिर में मां नंदा सुनंदा महोत्सव पहली सितंबर से शुरू होगा। सात दिन तक चलने वाले महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर स्कूली बच्चों की कलश यात्रा और झांकी निकाली जाएगी। सात सितंबर को भंडारे के साथ समापन होगा। यह निर्णय मां नंदा सुनंदा वेलफेयर सोसायटी ने लिया है।
रविवार को मां नंदा सुनंदा वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय की अध्यक्षता और सचिव विकास साह के संचालन में हुई बैठक में महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पहली सितंबर को देव डंगरियों का स्नान, वेदी निर्माण, दो को गणेश पूजन, मातृका पूजन, नवग्रह पूजन, वास्तु पूजन, 64 योगिनी पूजन, क्षेत्रपाल पूजन होगा। तीन सितंबर को शिव पूजन, हनुमान पूजन, वेदी पूजन, कदली वृक्ष आमंत्रण, चार को कदली वृक्ष आगमन, मां नंदा सुनंदा प्राण प्रतिष्ठा, रात 12 बजे मां नंदा सुनंदा का पूजन और भोग लगाया जाएगा।
पांच को विशेष पूजन, कन्या पूजन, छह सितंबर को मंडल पूजन, हवन, पूर्णाहुति, दोपहर ढाई बजे डोल यात्रा निकाली जाएगी और मूर्ति विसर्जन किया जाएगा। सात सितंबर को भंडारा होगा। महोत्सव में फैंसी ड्रेस और स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं भी होंगी। बैठक में मुख्य संरक्षक देवी लाल वर्मा, प्रकाश पांडेय, एडवोकेट गौरव पांडेय, अमित वर्मा, सभासद रोहित बिष्ट, एनडी गड़कोटी, पवन गिरी, नरेश जोशी, सुधीर साह, निर्मल पुनेठा, रितेश राय, गौरव वर्मा, अजय पुनेठा, सूरज पटवा, प्रदीप पटवा, सौरभ वर्मा, निखिल वर्मा, प्रखर वर्मा आदि मौजूद थे।