टनकपुर में रक्षाबंधन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी का पुष्पवर्षा
टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर के गांधी मैदान में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में शामिल होकर महिलाओं से राखी बंधवाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुझे अपनी विधानसभा की जनता के स्नेह और सहयोग से ही प्रदेश की सेवा करने में भरपूर ऊर्जा मिल रही है। प्रदेश विकास की ओर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, रिश्ते और विश्वास का त्योहार है। इस बार का यह त्योहार हमारे लिए और भी महत्वपूर्ण है। चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण और लैंडिंग से विश्व ने भारत का लोहा माना है। इसमें भी मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा है। उत्तराखंड की नारी शक्ति अपने कार्यों और आत्मविश्वास के दम पर आत्मनिर्भर बनकर अन्य को भी आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बना रही है।
मुख्यमंत्री ने जिले की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से हस्तनिर्मित पिरूल, ऐपण, सूत और अन्य स्थानीय उत्पादों से बनाई गई राखियां और अन्य उत्पादों की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, भाजपा नेता हेमा जोशी आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, जिला प्रभारी प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, सीओ अविनाश वर्मा, एपीडी विम्मी जोशी आदि अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।