बाराकोट के डोबाभागू में बंदर लंगूरों द्वारा बर्बाद की गई आलू की फसल दिखाता ग्रामीण। स्रोत: स्वय
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लॉक के डोबाभागू गांव में बंदर-लंगूरों का खौफ बढ़ता जा रहा है। बंदर-लंगूर किसानों की फसलों को लगातार बर्बाद कर रहे हैं। किसानों ने बंदर-लंगूरों से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीण हेमा तिवारी, जगदीश चंद्र तिवारी, प्रकाश राम, हरीश चंद्र, संजय कुमार ने बताया कि डोबाभागू, अतखंडी, तड़ीगांव, नौमाना, सेरी और कनियाना क्षेत्रों में जंगली सुंअर, बंदर-लंगूरों का आतंक बढ़ गया है, जो किसानों की गेहूं, जौ, मसूर, लाई खेती को चौपट कर रहे हैं। जंगली सुअरों ने आलू की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दी है। किसानों ने बताया कि उन्होंने 40 रुपये प्रति किलो की दर से आलू का बीज लगाया था, लेकिन जंगली जानवरों ने सब कुछ नष्ट कर दिया। किसानों ने वन विभाग से जंगली जानवरों से निजात दिलाने की मांग की है। संवाद