चंपावत। जिले के पाटी ब्लाॅक के लधियाघाटी क्षेत्र के लोगों को मोबाइल सिग्नल न मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने शीघ्र मोबाइल नेटवर्क ठीक करने की मांग की।
क्षेत्र के भिंगराड़ा, खरही, बालातड़ी, गड्यूडा, चल्थिया, तलाड़ी, वैला, भाट पिनाना, महर पिनाना आदि ग्राम पंचायतों में आज भी मोबाइल नेटवर्क नहीं आते हैं। इस कारण ग्रामीणों की अपने नाते-रिश्तेदारों, सगे-संबंधियों से फोन पर बात नहीं हो पाती है। साथ ही सरकारी कार्यालयों में इंटरनेट के अभाव में सभी कार्य बाधित हो रहे हैं। ऐसे में डिजिटल इंडिया का लाभ भी ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों को पांच-छह किमी दूर ऊंची जगहों पर जाकर बात करनी पड़ती है।
गांव में किसी भी मोबाइल कंपनी का नेटवर्क काम नहीं करता है। कभी कभार सिग्नल आ भी गए तो बात नहीं हो पाती है। ग्रामीण घनश्याम शर्मा, प्रकाश चंद्र, श्याम सिंह, दिनेश चंद्र, रमेश चंद्र, उर्वा दत्त, राम दत्त, शेखर जोशी आदि ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क ठीक करने की मांग की है।