चंपावत/टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन करोड़ अठारह लाख रुपये की विधायक निधि आवंटित की है। यह राशि 113 ग्राम पंचायतों के साथ ही नगरपालिका क्षेत्रों की 151 बस्तियों में विकास कार्यों में खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने बताया कि विधायक निधि से अवमुक्त राशि से 94 सीसी मार्ग, 39 मंदिरों का सौंदर्यीकरण, तीन पुलिया, छह धर्मशाला, दो स्थानों पर चहारदीवारी, दो पेयजल टैंक, दो सार्वजनिक शौचालय, पांच स्थानों पर सुरक्षा दीवार, छह स्थानों पर नालियां, एक स्थान पर बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट, चार स्थानों पर टिन शेड, तीन खेल मैदानों का विस्तारीकरण, दो कक्षा कक्ष, एक स्नानघाट, दो स्थानों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने, एक धार्मिक क्रियाशाला का निर्माण किया जाना है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र की जनता से बैठकों के माध्यम से विकास कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त कर कार्य किए जा रहे हैं। बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता के अनुरूप कार्यों को पूरा करने के लिए क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की टीम बनाई गई है जो विधायक निधि के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की देखरेख करेंगे।