टनकपुर (चंपावत)। शारदा खनन से जुड़े कारोबारियों ने स्टोन क्रशरों से दाम तय होने के बाद ही खनिज निकासी शुरू करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को हुई नवनिर्वाचित यूनियन की बैठक में कहा गया कि पूर्व में तय दामों पर खनिज बेचने से वाहन मालिकों को नुकसान होगा। इस दौरान चल्थी से टनकपुर के क्रशरों में ओवर लोड खनिज ढुलान पर अंकुश लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठी।
नवनिर्वाचित यूनियन के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद एक गार्डन के प्रांगण में अध्यक्ष अमन सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें वाहन मालिकों ने स्टोन क्रशरों द्वारा पूर्व में तय किए खनिज सामग्री के दाम 56 रुपये प्रति क्विंटल को नाकाफी बताया। कहा कि इस दाम पर खनिज बेचने में वाहन मालिकों को नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि चल्थी क्षेत्र के पट्टाधारक इससे कम दाम में क्रशरों को खनिज बेच रहे हैं जिस कारण स्थानीय क्रशर संचालक शारदा का खनिज उचित दाम पर खरीदने में आनाकानी कर रहे हैं। तय हुआ कि क्रशर संचालकों के साथ दाम तय होने के बाद ही शारदा से खनिज निकासी शुरू की जाएगी। बैठक में यूनियन उपाध्यक्ष नसीब हुसैन, महासचिव दीपेंद्र चंद, उप सचिव संजू, कोषाध्यक्ष कमल सिंह, पूर्व अध्यक्ष जीडी खुल्लर, दीपक सिंह विट्ठल, चंद्रमोहन सिंह, अमजद हुसैन, दीपक जोशी आदि मौजूद थे।
यूनियन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ
टनकपुर (चंपावत)। मां शारदा शक्तिमान ट्रक खनन यूनियन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का मंगलवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। जिला पंचायत के पूर्व सदस्य गोविंद सामंत की मौजूदगी में हुए समारोह में यूनियन के संरक्षक एवं चुनाव अधिकारी बचन सिंह अधिकारी ने अध्यक्ष अमन ठाकुर समेत सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर विचई के बीडीसी सदस्य अशोक पाल, भाजपा जिला महामंत्री पूरन महरा आदि मौजूद थे। संवाद