चंपावत। यहां से 45 किलोमीटर दूर दुधौरी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतका ने जहर खाया। मृतका का एक साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। पुलिस के मुताबिक मायके वालों ने पति पर परेशान करने का आरोप लगाया है लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं दी है। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव बृहस्पतिवार को परिजनों को सौंप दिया गया है।
दुधौरी के ग्रामीण संजय आर्या की पत्नी माया देवी (20) ने की संदिग्ध हालात में जहर खाने से मौत हो गई। वारदात की जानकारी मिलने पर चंपावत के सीओ बीसी पंत, कोतवाल योगेश उपाध्याय और तहसीलदार ज्योति धपवाल ने मौके पर पहुंच पंचनामा भरा। कोतवाल ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि चिकित्सकों के पैनल ने माया देवी का पोस्टमार्टम किया। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।