लोहाघाट (चंपावत)। नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ भारत अभियान की अनदेखी हो रही है। काफी लोगों द्वारा अपने घरों के कूड़े को सड़कों के किनारे देवदार वनी में डालने से यहां गंदगी के ढेर लग गए हैं। कूड़े से निकलने वाली सड़ांध से भी लोगों को परेशानी हो रही है। पुलहिंडोला मार्ग में जीआईसी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के नजदीक कूड़े के ढेर लगे हैं। कुछ स्थानीय जागरूक लोग लोगों को खुले में कूड़ा न डालने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, लेकिन इसका भी कोई असर नहीं हो रहा है। इस कारण देवदार वृक्षों को भी काफी नुकसान पहुंच रहा है।