चंपावत। देहरादून जा रही लोहाघाट डिपाे की बस के रास्ते में खराब होने से यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। बाद में यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया।
शनिवार को लोहाघाट डिपो की रोडवेज बस (यूके 07 ए 2947) लोहाघाट से देहरादून जा रही थी। बस में 20 यात्री सवार थे। बस अभी पांच किमी ही चली थी कि खूना मलक के पास अचानक तेज आवाज के बाद बंद हो गई। चालक ने काफी प्रयास किए लेकिन बस ठीक नहीं हो सकी। बस में सवार देहरादून, हरिद्वार और पौंटासाहिब जाने वाले यात्री बेहद परेशान रहे।
कुछ देर बाद पिथौरागढ़ डिपो की मौके पर पहुंची बस में छह स्थानीय यात्रियों को चंपावत तक भेजा गया। अन्य 14 यात्रियों को लोहाघाट डिपो की बस से गंतव्य के लिए भेजा गया। बस चालक ने बताया कि तेज आवाज से रेडिएटर फटा और गाड़ी का ऑयल सड़क पर गिरने लगा। ऐसे में बस चलाना खतरे से खाली नहीं था। बता दें कि लोहाघाट डिपो की 32 में से 22 बसें पहाड़ पर चलने के मानक पूरे कर चुकी हैं।