चंपावत। विधायक कैलाश गहतोड़ी के प्रयासों से लॉकडाउन के दौरान उत्तर प्रदेश के मथुरा वृंदावन में फंसी चंपावत जिला मुख्यालय की एक महिला की सकुशल वापसी हो सकी है। जिला मुख्यालय के मल्ली मादली त्यारकूड़ा निवासी हेमा पाठक पत्नी अजय पाठक अपने इलाज के लिए वृंदावन गई थी। इस बीच में ही लॉकडाउन होने के कारण वह वहां फंस गई थी। वह किसी अनजान के घर में शरण ठहरी थी। संकट की इस घड़ी में उनके परिजनों की ओर से विधायक गहतोड़ी को संपर्क किया गया। जिस पर विधायक ने अपने स्वयं के खर्चे से 28 मार्च को महिला को रेस्क्यू करने के लिए डीएम से अनुमति लेकर एक प्राइवेट वाहन मथुरा भेज महिला की सकुशल वापसी कराई है। महिला के पति दिव्यांग हैं। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे यहां अकेले रह रहे थे। सोमवार को महिला हेमा ने विधायक के घर आकर आभार जताया। विधायक प्रतिनिधि दीपक मुरारी ने बताया कि पीड़िता को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है।