चंपावत/टनकपुर/लोहाघाट। पहाड़ में होली पर बुधवार को रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहेगा। हालांकि टनकपुर क्षेत्र में दोपहर तीन बजे बाद यात्रियों के होने पर मैदानी क्षेत्रों को बसें चलाईं जाएंगी।
टनकपुर के एजीएम केएस राणा का कहना है कि होली के लिए बसों की संख्या बढ़ाकर चालक-परिचालकों की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलवार को भी परिवहन सेवाएं अस्तव्यस्त रहीं। लोहाघाट से मैदानी रूट पर दस बसें चलीं लेकिन चंपावत स्टेशन में यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा जबकि मैदान से आने वाली ज्यादातर बसों में यात्री बेहद कम थे। लोहाघाट के एजीएम नरेंद्र कुमार गौतम का कहना है कि बुधवार को रोडवेज बस सेवाओं का संचालन बंद रहेगा। रोडवेज सेवाएं नौ मार्च से फिर से शुरू होंगी।
पिथौरागढ़ से सेवा बढ़ाएगा रोडवेज डिपो
पिथौरागढ़। होली पर्व के बाद मैदानी क्षेत्रों को लौटने वाले प्रवासियों को सुविधा देने के लिए पिथौरागढ़ का रोडवेज डिपो पूरी तरह तैयार है। जिन रूटों पर यात्री अधिक होंगे, उन क्षेत्रों को अधिक बसों का संचालन किया जाएगा।
रोडवेज के एआरएम रविशेखर कापड़ी ने बताया कि होली के बाद स्टेशन पर होने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पहले से तैयारी कर ली गई हैं जिन रूटों पर अधिक यात्री होंगे, उन स्थानों को अधिक बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ज्यादातर दिल्ली और देहरादून के यात्री अधिक होते हैं। उन्होंने बताया कि इस समय डिपो में 62 बसें हैं। रोडवेज के बेड़े में बसों की पूरी तरह जांच कर ली गई है।