चंपावत। जिला मुख्यालय के 28 किमी दूर बड़ोली गांव में तेंदुए ने गौशाला में घुसकर चार पालतू जानवरों को मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
शुक्रवार को बड़ोली गांव में अलग-अलग गोशाला में बंधे चार पालतू जानवरों को तेंदुए ने मार डाला। एक साथ चार जानवरों को मौत के घाट उतारने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुए ने सतीश थ्वाल, डिकर देव, जय दत्त थ्वाल और खिलानंद थ्वाल के जानवरों पर हमला किया। ग्रामीणों ने वन विभाग से पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। रेंजर बृजमोहन टम्टा ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया था। आगे की कार्रवाई की जा रही है।