टनकपुर के जंगल में कैमरा लगाता वनकर्मी।
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चंपावत राजमार्ग पर सूखीढांग के पास टिपनटाॅप क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता पर वन विभाग अलर्ट हो गया है। टीम ने गश्त बढ़ाने के साथ ही चार कैमरों से तेंदुए पर नजर रखनी शुरू कर दी है।
पिछले दो दिन में तेंदुए ने टिपनटाॅप के पास बाइक और स्कूटी सवारों पर हमला किया है जिसमें खटीमा निवासी इंद्र सिंह और टनकपुर निवासी इमरान घायल हुए हैं। वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने बताया कि तेंदुए की फिर दस्तक से वन विभाग सतर्क हो गया है। क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बुधवार को चार कैमरे लगा दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने के लिए दो दिन के अंदर पिंजरा लगाने की भी बात कही है।
पिछले साल आधा दर्जन लोगों को किया था घायल
टनकपुर (चंपावत)। पिछले वर्ष टनकपुर-चंपावत मार्ग के सूखीढांग के अमरूबैंड के पास आवाजाही करने वालों पर तेंदुए ने हमला किया था जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हुए थे। बाद में काफी प्रयास से वन विभाग ने तेंदुए को पकड़कर सेनापानी के जंगल में छोड़ दिया था।
विभाग की ओर से इलाज कराने का आश्वासन टनकपुर (चंपावत)। बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन बुधवार को तेंदुए के हमले में घायल हुए इमरान के परिजनों से मिले। उन्होंने घायल का उपचार विभाग की ओर से कराने और परिजनों को मुआवजा देने के लिए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
टनकपुर के जंगल में कैमरा लगाता वनकर्मी।