चंपावत में सचल विधिक साक्षरता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करती जिला जज कहकशा खान। संवाद
चंपावत। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की ओर से जिले में विधिक साक्षरता अभियान के लिए भेजे गए विधिक सेवा रथ को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। मोबाइल लोक अदालत वाहन को शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष जिला जज कहकशा खान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने विधिक सेवा रथ में जा रहे प्राधिकरण के पीएलवी को निर्देशित किया कि रथ के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में घर-घर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करें। इस दौरान विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रदान की जाने वाली निशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी दें। इस मौके पर प्राधिकरण की सचिव शिवानी पसबोला सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, पीएलवी और न्यायालय कर्मचारी आदि मौजूद रहे।