चंपावत में टैक्सी स्टैंड के पास निर्माणाधीन पार्किंग स्थल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के पास कोलीढेक में झील निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। गेटों के परीक्षण के बाद झील में पानी भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। झील के अस्तित्व में आने के बाद यहां पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ नगर के लिए लिफ्ट पेयजल योजना भी प्रस्तावित की गई है।
कोलीढेक में 30.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली झील का निर्माण कार्य 11 नवंबर 2018 को शुरू हुआ था जिसे 13 नवंबर 2020 को पूरा किया जाना था। कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग की ओर से अब झील का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। सिंचाई विभाग के अपर सहायक अभियंता अमित उप्रेती ने बताया कि 18 मीटर गहरी झील में वर्तमान में 13 मीटर पानी भर चुका है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बारिश कम होने और लोहावती नदी का पानी न बढ़ने के चलते 13 मीटर पानी भरने में करीब 25 दिन का समय लग चुका है। बारिश न होने की स्थिति में शेष पांच मीटर पानी भरने में 15 से 20 दिन का समय और लगने का अनुमान है।
सिंचाई विभाग ने जारी किया है अलर्ट
लोहाघाट (चंपावत)। कोलीढेक झील में पानी भरने की प्रक्रिया शुरू करने के बाद कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सिंचाई विभाग ने लोगों से झील के ऊपर या निचले हिस्से में जाने से बचने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से अपने मवेशियों को झील के आसपास न भेजने की अपील की है। संवाद
डूब क्षेत्र में आई है 986 लोगों की नाप भूमि
लोहाघाट (चंपावत)। कोलीढेक झील निर्माण में करीब 986 लोगों की नाप भूमि डूब क्षेत्र में आ रही है। डूब क्षेत्र में आने वाले 750 लोगों को करीब साढ़े छह करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। करीब 250 लोगों को 50 लाख का मुआवजा बंटना शेष है। कुछ लोगों की भूमि हस्तांतरित नहीं हो सकी है। संवाद