चंपावत में एनएच को लेकर वीसी करते डीएम। संवाद
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच स्वाला 106 किमी को किसी भी परिस्थिति में खोलकर यातायात सुचारु करें।
डीएम नवनीत पांडे ने एनएच और अन्य कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर किसी भी हाल में यात्रियों के आवागमन के लिए एनएच को सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को बताया कि स्वाला में बंद होने से स्थानीय व्यापारियों, आमजन के साथ ही यात्रियों को बाधित मार्ग को खोलने के लिए मांग की जा रही है। सड़क के दोनों ओर कई ट्रक आदि वाहन खड़े हैं जिनमें कई प्रकार की सामग्रियां हैं। उन्हें उनके स्थान तक शीघ्र पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए हमें सुरक्षात्मक तरीके से युद्ध स्तर पर कार्य करने की जरूरत है।
वर्तमान तक मार्ग यातायात के लिए सुचारू करने में दिक्कत आ रही है। हम सभी को व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए बेहतर योजना के साथ कार्य करना होगा। डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वाला में यातायात सुचारू करने के लिए प्रतिदिन कुछ समय यातायात को सुचारू करते हुए कार्य करना ही होगा। इससे व्यापारियों, आमजन के साथ ही यात्रियों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस दौरान कार्यदायी संस्था के दयानंद, जगत राम, रितेश गुप्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े। यहां डीएफओ आरसी कांडपाल, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम सौरव असवाल आदि मौजूद रहे।