रीठा साहिब के इसी गुरुद्वारे में लगेगा जोड़ मेला।
रीठा साहिब (चंपावत)। गुरुद्वारे के कारसेवा के राष्ट्रीय प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह ने रीठा साहिब के जोड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेला दो जून से शुरू होकर तीन दिन तक चलेगा। उन्होंने लंगर, पार्किंग सहित गुरुद्वारे की सभी व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश प्रबंध समिति को दिए। मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी आने की उम्मीद है।
बाबा सुरेंद्र सिंह ने मोबाइल संचार सेवा में सुधार सहित रीठा साहिब क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने की जरूरत बताई। इसके लिए संचार मंत्री और मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा। नानकमत्ता गुरुद्वारा के प्रबंधक बाबा तरसेम सिंह ने बताया कि रीठा साहब आने वाले ग्रामीण संपर्क मार्गों की हालत को ठीक कर पेयजल, स्नानघाट, सफाई, स्वास्थ्य आदि की व्यवस्थाओं को बेहतर किया गया है।
रीठा साहिब गुरुद्वारे के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि तीन दिनी मेला दो जून से शुरू होगा। मुख्य मेला तीन जून को होगा। सामान्य रूप से तीन दिनी जोड़ मेले में सवा लाख से अधिक लोग गुरुद्वारे में पहुंचते हैं। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंध समिति के सदस्य अजीत पाल सिंह, अजीत सिंह, मलकीत सिंह, हरदीप सिंह, राजेश सिंह, महेंद्र सिंह, गुरजीत सिंह मौजूद थे।
कड़वे रीठे का दिया जाता है प्रसाद
रीठा साहिब (चंपावत)। रीठा साहिब सिख धर्म के संस्थापक गुरुनानक देव की साधना और चमत्कारों का समागम रहा है। गुरुनानक जी ने वर्ष 1505 में खुद यहां आध्यात्मिक चमत्कार दिखाए थे। इसके बाद से यहां के कड़वे रीठे मीठे हो गए थे। यही रीठे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को दिए जाते हैं। लधिया और रतिया नदी के संगम पर स्थित रीठा साहिब को ये गुरुद्वारा देश-विदेश में खास पहचान दिलाता है।