चंपावत में हुई जिला योजना समिति की समीक्षा बैठक। संवाद
चंपावत। वर्ष 2023-24 की जिला योजना की राशि में 11.19 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल करीब तैंतालीस करोड़ रुपये से बढ़कर ये राशि 54 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। जिला योजना में रोजगारपरक, कृषि, बागवानी, उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ औचित्यपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे। सीडीओ आरएस रावत ने विभागों के अधिकारियों को इस सप्ताह तक प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए।
इसके लिए बृहस्पतिवार को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें जिला योजना के प्रस्तावों में जनहित और जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर विकास के प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा गया। प्रतिनिधियों ने विकास योजनाओं के लिए कई सुझाव दिए। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा, ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी, विनीता फर्त्याल, सुमनलता, डीपीसी सदस्य रोहित बिष्ट, मोहन सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, कविराज मौनी, जिला पंचायत सदस्य सरिता बोहरा आदि मौजूद थे।
पिछले साल हुआ था शत-प्रतिशत राशि का उपयोग
चंपावत। वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिले की जिला योजना की राशि बयालीस करोड़ बयासी लाख रुपये थी। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि पिछले साल शत-प्रतिशत राशि का उपयोग किया गया। पिछले साल के अवशेष कार्यों पर 50 प्रतिशत राशि खर्च की जाएगी।