डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज में महिला सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम में प्रतिभागी महिला
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान में एक से आठ मार्च तक अंतरराष्ट्रीय महिला सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। मंगलवार को आयोजित व्याख्यान में महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और महिला कर्मियों को महिला सुरक्षा के बारे में कानूनी जानकारियां दी। संस्थान के निदेशक डॉ. अमित अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित व्याख्यान में मनिहारगोठ पुलिस चौकी प्रभारी गीता गोला, महिला कांस्टेबल अर्चना राणा ने महिला सुरक्षा संबंधी नियमों, घरेलू हिंसा, साइबर क्राइम, नाइजीरियन फ्रॉड आदि विषयों की जानकारी दी। छात्राओं ने महिला सुरक्षा के बारे में पूछा तो उनके प्रश्नों का जवाब देकर उनकी शंकाओं को भी दूर किया गया। संस्थान की शिक्षिका गीतांजलि चौहान और रितिका कश्यप ने संचालन किया। संस्थान के निदेशक डॉ. अग्रवाल ने बताया कि महिला सुरक्षा सप्ताह के तहत आठ मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा।