गणतंत्र दिवस को लेकर भारत नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस, खुफिया विभाग और एसएसबी को सीमा पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।
गणतंत्र दिवस के चलते भारत नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अधिक सतर्क हैं। सीमा पर निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही पुलिस सीमा पर आवाजाही करने वालों की सघन तलाशी में जुटी है। एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर पुलिस खुफिया विभाग और एसएसबी के साथ क्षेत्र की पहरेदारी में लगी है। एसएसबी 57 वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना ने बताया कि गणतंत्र दिवस और बीटिंग रिट्रीट परेड 30 जनवरी तक एसएसबी को सीमा क्षेत्र पर सघन चेकिंग और गश्त के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि सीमा और क्षेत्र में अनजान और संदिग्ध व्यक्तियों से सुरक्षा एजेंसियों, पुलिस और खुफिया विभाग को संयुक्त पूछताछ के लिए कहा गया है।
थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि असामाजिक तत्वों और अपराधियों को नहीं बख्शा जाएगा। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि इन दिनों पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की पेट्रोलिंग में एसएसबी डाग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। होटलों, ढाबों, स्कूलों, धार्मिक, सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, राष्ट्रीय संपत्तियों आदि पर सुरक्षा तंत्रों की पैनी नजर है।