चंपावत। चंपावत जिले के सभी तीनों आईसीयू (सघन निगरानी इकाई) 31 अगस्त तक संचालित हो जाएंग। कार्मिकों की कमी से चंपावत छोड़ शेष दो आईसीयू का संचालन नहीं हो पा रहा था। अब इन आईसीयू के लिए कार्मिकों की तैनाती की जा रही है। इससे इन दोनों केंद्रों पर लटके ताले खुल जाएंगे।
चंपावत जिले में आईसीयू की हालत खराब है। तीन आईसीयू में से सिर्फ चंपावत जिला अस्पताल का आईसीयू चल रहा है। दो साल पहले स्थापित टनकपुर और लोहाघाट उप जिला अस्पताल के आईसीयू का संचालन अभी तक नहीं हुआ। इन दोनों आईसीयू में उद्घाटन के बाद से ताले लटके हैं। इससे लोगों को हल्द्वानी, बरेली या दूसरी जगह की दौड़ लगानी पड़ रही थी। संचालन नहीं होने की वजह स्टाफ की कमी है।
अब इन आईसीयू के संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कार्मिकों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 30 स्टाफ नर्स, 12 कक्ष सेवक, 12 कक्ष सेविका, 12 पर्यावरण मित्र और दो वाहन चालकों की तैनाती की जाएगी।
कोट
चंपावत जिले में दो आईसीयू का संचालन स्टाफ की कमी से नहीं हो पा रहा है। टनकपुर और लोहाघाट के आईसीयू का संचालन 31 अगस्त तक हो जाएगा। इसके लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए 56 पदों पर तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, चंपावत।