बारिश के बावजूद पूर्णागिरि धाम आने के लिए श्रद्धालुओं के उत्साह बरकरार है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर भी मां के दरबार में पहुंचे। पूजा-अर्चना कर उन्होंने यहां मां का आशीर्वाद लिया।
बारिश के बीच पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर ने देवी के चरणों में शीश नवाया। मंदिर के पुजारी पंडित बालादत्त तिवारी ने मंत्री को आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन
मां पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति के सदस्य पुजारी महेश पांडेय और संजय तिवारी ने मंत्री ठाकुर को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
देवी दर्शन के बाद मंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम आकर उन्हें काफी अच्छा लगा। उन्होंने इस क्षेत्र में मोबाइल सेवा में सुधार की जरूरत बताई। कहा कि सुविधाओं के विस्तार से यह क्षेत्र अध्यात्म का प्रमुख स्थल ही नहीं बल्कि कारोबार को भी नई ऊंचाई दे सकता है।
पांच दिन बाद फिर टूटी पूर्णागिरि की पेयजल लाइन
बारिश की वजह से भवानीगाड़ पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है जिससे मां पूर्णागिरि धाम के एक हिस्से की पेयजल आपूर्ति शुक्रवार को फिर से प्रभावित हो गई है। पूर्णागिरि क्षेत्र के लोगों ने पांच दिन पहले ठीक कराई पेयजल लाइन के टूटने पर विभागीय गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। वहीं जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि मौसम ठीक होने पर पेयजल योजना के पाइपों की मरम्मत कराई जाएगी।