जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने कहा है कि विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया में चुनाव प्रचार में शामिल सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में पुलिस अधीक्षक के साथ प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डीएम ने कहा कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी के किसी पार्टी अथवा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार संलिप्त होने की जानकारी किसी भी माध्यम से प्राप्त होती है तो उस कर्मचारी के खिलाफ आदर्श आचरण संहिता और कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन मानते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जाएगा।
चंपावत विधानसभा में 142 तथा लोहाघाट विधानसभा में 178 बूथ बनाए गए हैं। लोहाघाट में कुल 102389 मतदाता हैं इनमें से 54047 पुरुष तथा 48342 महिलाओं सहित 2434 सर्विस मतदाता शामिल हैं, जबकि चंपावत में 88781 मतदाता हैं, जिनमें 46714 पुरुष तथा 42067 महिला मतदाताओं सहित 1484 सर्विस मतदाता हैं। इस बार बूथ में बीएलओ के साथ आशा और शिक्षक तैनात किए गए हैं। एसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि अभी तक 818 लाइसेंस शस्त्रों में 796 शस्त्र जमा कराने के साथ 3.47 लाख की अवैध मदिरा पकड़ी गई है।
उन्होंने बताया कि चुनाव संपन्न कराने में 4 कंपनी पैरा मिलट्री फोर्स के साथ 1400 सुरक्षा कार्मिकों को तैनात किया जाएगा। इस मौके पर एडीएम हेमंत वर्मा, आरओ सीमा विश्वकर्मा, अनिल चन्याल, वरिष्ठ कोषाधिकारी हेमेंद्र प्रकाश गंगवार, कॉल सेंटर प्रभारी मनोज पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रयाग सिंह कफलिया, एआरटीओ रश्मि भट्ट, एआरओ पूनम पंत, डीएसटीओ एनबी बचखेती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पोलिंग पार्टी का खाना भोजन माता बनाएंगी
। डीएम ने बताया कि विधानसभा चुनाव में पोलिंग पार्टियों के भोजन की व्यवस्था भुगतान के आधार भोजन माता बनाएंगी। उन्हें खाद्यान्न राशन विक्रेता उपलब्ध करायेंगे। उन्होंने अवांछनीय गतिविधियों और चुनाव प्रचार में किसी भी तरह की शिकायत प्राप्त होने पर उन्हें अवगत कराने के साथ निष्पक्ष, पारदर्शी निर्वाचन में सहयोग मांगा। उन्होंने बताया कि अभी तक सरकारी संपत्तियों से 800 और निजी संपत्ति से 270 होर्डिंग हटाने के साथ 26 नोटिस भी तामील कराए गए हैं।
संभावित बर्फबारी वाले स्थलों में जेसीबी रहेगी
मतदान के दिन 15 फरवरी को जिले के सबसे ऊंचाई वाले बूथ देवीधुरा तथा नरसिंहडाडा में बर्फबारी होने की संभावना पर दोनों सड़कों के साथ अन्य संभावित बर्फवारी वाली सड़कों पर जेसीबी तैनात रहेगी। 28 बूथों पर कनेक्टिविटी के लिए वायरलेस की सुविधा बहाल की गई है। मतदान से दो दिन पूर्व 32 पोलिंग पार्टियां तथा शेष 288 पार्टियां 14 फरवरी को बूथों के लिए रवाना की जाएंगी।