फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: पूर्णागिरि धाम में 26 मार्च से शुरू होगा सरकारी मेला

Wed, 06 Dec 2023 10:19 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
चंपावत जिला सभागार में पूर्णागिरि मेले की तैयारी बैठक लेते डीएम नवनीत पांडे। संवाद
विज्ञापन
चंपावत। अगले वर्ष मां पूर्णागिरि धाम का सरकारी मेला 26 मार्च से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा। टनकपुर के एसडीएम आकाश जोशी को मेला मजिस्ट्रेट और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी भगवत पाटनी को मेलाधिकारी बनाया गया है। सीसीटीवी से मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। पुलिस और परिवहन विभाग जीप-टैक्सी पर अनिवार्य रूप से क्यूआर कोड लगवाएगा।
विज्ञापन


बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में 82 दिनी मेले में व्यवस्थाओं को बेहतर कर श्रद्धालुओं को अधिकतम सुविधा देने पर मंथन किया गया। डीएम नवनीत पांडे ने कहा कि श्रद्धालुओं को मां पूर्णागिरि के दर्शन सहज तरीके से हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने मंदिर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त जाली और रेलिंग की मरम्मत के साथ परिक्रमा मार्ग को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम तक बिजली, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, आवास, स्वास्थ्य, संचार सहित सभी व्यवस्थाओं को जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

बैठक में एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एआरटीओ सुरेंद्र कुमार, लोनिवि के एई एलएस सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडे, मथुरादत्त पांडे, कमलाकांत पांडे, खीमानंद पांडे, नारायण तिवारी, पूरन तिवारी आदि थे।



तीन अस्थायी पुलिस थाने और एक चौकी बनेगी



एसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि मेले के दौरान तीन अस्थायी पुलिस थाने और एक चौकी स्थापित की जाएगी। मेले के लिए बाहर से पुलिस बल मंगाने के अलावा होमगार्ड, पीआरडी जवान तैनाती किए जाएंगे। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी के सुझाव पर पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने का निर्णय लिया गया।

परिवहन व्यवस्था: जीएम पवन मेहरा ने कहा कि यात्रियों की जरूरत के हिसाब से रोडवेज बसें लगाई जाएंगी। हादसों को रोकने के लिए फिटनेस जांच से लेकर नियमित संयुक्त निरीक्षण करने की हिदायत दी गई।

14 साल बाद फिर से जिला पंचायत कराएगी मेला

चंपावत। मेले के संचालन का दायित्व वर्ष 2009 के बाद से फिर से जिला पंचायत को मिल गया है। वर्ष 2010 से मेले के आयोजन का जिम्मा मेला संचालन समिति के पास था। शासन से जिला पंचायत को मेले के आयोजन की जिम्मेदारी मिलने से पूर्णागिरि मेले के ठेकों और अन्य मदों से प्राप्त होने वाली राशि को वर्ष 2010 से पूर्व की तरह जिला पंचायत की जिला निधि में जमा कराया जा सकेगा। संवाद
विज्ञापन




ये प्रमुख निर्णय लिए गए



-मेला क्षेत्र में ठुलीगाड़, भैरव मंदिर और काली मंदिर के पास स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

-वाहनों की अस्थायी पार्किंग के लिए निविदा प्रक्रिया इसी महीने शुरू कर दी जाएगी।



-भैरव मंदिर तक डामर और मुख्य मंदिर तक के पैदल मार्ग को जनवरी तक ठीक किया जाएगा।

-सफाई के लिए पर्यावरण मित्रों की तैनाती, शौचालय निर्माण के अलावा अस्थायी शौचालय की व्यवस्था होगी।



-श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सभी विश्राम गृहों को आरक्षित किया जाएगा। बूम घाट क्षेत्र में अस्थायी टेंट लगाए जाएंगे।

-पुलिस और वन विभाग अतिरिक्त वायरलेस सेट, सैटेलाइट फोन के प्रस्ताव जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएगा।



-बीएसएनल और निजी मोबाइल कंपनियों से संचार सुविधा को बेहतर करने के निर्देश।

-उरेडा मेला क्षेत्र में 50 सोलर हाई मास्क लाइट लगाएगा।



-श्रद्धालुओं के लिए बूम घाट पर शारदा आरती कराई जाएगी।

-पॉलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें