फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अच्छी खबर : नौजवानों ने लॉकडाउन में बना डाली एक किलोमीटर सड़क

विज्ञापन
चंपावत के सौंज गांव में श्रमदान से सडक़ बनाते युवा। - फोटो : AMAR UJALA
विज्ञापन
सतीश जोशी सत्तू (संवाद), चंपावत। कोरोना महामारी के चलते लागू लॉकडाउन का सदुपयोग करते हुए जिला मुख्यालय से लगे सौंज गांव के 11 युवाओं की टीम ने अपने गांव की एक किमी सड़क खुद ही तैयार कर डाली। जीआईसी तामली के शिक्षक इंदुवर जोशी की प्रेरणा से लॉकडाउन अवधि में गांव के युवा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए श्रमदान से सड़क का निर्माण कर रहे हैं। युवाओं ने घटोत्कच मंदिर के पास से पैदल रास्ते का चौड़ीकरण कर उसे सड़क में तब्दील कर दिया है। नजदीकी गांव होने के बाद भी सौंज अब तक सड़क संपर्क से वंचित था। अब युवाओं की मेहनत रंग लाई और गांव में पहली बार दुपहिया वाहन पहुंचने लगे हैं। युवाओं ने जो सड़क तैयार की है, उसमें करीब 500 मिट्टी भरे कट्टों से एक अस्थाई पुलिया का भी निर्माण किया गया है। भविष्य में पुलिया पक्की होते ही चौपहिया वाहन भी गांव तक आसानी से पहुंच जाएंगे। युवाओं ने बताया कि यह सड़क भविष्य में हिडिंबा मंदिर तक जाएगी। इससे आने वाले दिनों में घटोत्कच बाबा के दर्शन करने वाले लोग मंदिर तक आसानी से जा पाएंगे। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने युवाओं के प्रयास को रचनात्मकता की मिसाल बताया है। :- श्रमदान करने वाली टीम में ये रहे शामिल :- सौंज गांव में सड़क बनाने वालों में शिक्षक इंदुवर जोशी, प्रदीप बिष्ट, नीरज बिष्ट, तिलक जोशी, मनोज जोशी, ललित मोहन जोशी, कौस्तुबानंद बिष्ट, चंद्रशेखर बिष्ट, सुरेश बिष्ट, पंकज बिष्ट व गिरीश बिष्ट शामिल हैं। युवाओं को परिजनों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। युवाओं का अगला लक्ष्य गांव की पेयजल समस्या दूर करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें