संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। जिले में लॉकडाउन के दूसरे चरण में मिली छूट के बाद महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के 232 कार्यों में निर्माण काम शुरू हो गया है। राज्य सरकार और डीएम की ओर से अनुमति प्राप्त होने के बाद 20 अप्रैल से जल संरक्षण और सिंचाई आदि से संबंधित 232 कार्य प्रारंभ हो चुके हैं, जिनमें 2141 श्रमिकों को रोजगार दिया जा रहा है। जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत ने बताया कि चंपावत विकासखंड में 58, बाराकोट विकासखंड में 40, पाटी में 54 तथा लोहाघाट विकासखंड में 80 कार्य प्रारंभ हो चुके है। मुख्य रूप से जल संरक्षण एवं सिंचाई के कार्यों को करवाया जा रहा है। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से लॉकडाउन के कारण अपने गांवों में वापस आए लोगों को भी इस योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्य कराये जाने के दौरान मास्क, साबुन का प्रयोग तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है।